पूरे मननोगा गांव में बुधवार की रात पटाखा छुटाते समय हुए विस्फोट में दो सगे भाई व उनके तीन भतीजे गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में चाचा व दो भतीजो की मौत हो गई।
जबकि शार्ट सर्किट से लगी आग से एक चाचा और उसका भतीजा झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
थाना इटियाथोक क्षेत्र के पूरे मनोगा गांव के रहने वाले चंदनलाल शुक्ल का बेटा अमित शुक्ल (22)बुधवार की शाम पटाखा लेने इटियाथोक बाजार गया था।
चंदनलाल शुक्ल के मुताबिक उसके पौत्र राजन शुक्ल (10), मधुकर शुक्ल (8) पुत्र विनोद शुक्ल, प्रिंस शुक्ल (11) पुत्र अम्बरीश शुक्ल पटाखा का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अमित पटाखा लेकर घर पहुंचा तो तीनो बच्चे उसके पीछे दौड़ते कमरे में पहुंच गए और थैले से फुलझड़ी निकालकर दरवाजे की चौखट के पास रखे दिया से उसे जलाने लगे।