प्रदेश सरकार ने 12.80 लाख से अधिक पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों को जुलाई से बढ़ाए गए महंगाई राहत के भुगतान का आदेश जारी कर दिया है। एक जुलाई 2018 से बढ़ा भुगतान किया जाएगा।
वेतन समिति 2016 की संस्तुतियों के अधीन जारी शासनादेशों के क्रम में स्वीकृत पेंशन व पारिवारिक पेंशन पर महंगाई राहत एक जुलाई 2018 से 7 प्रतिशत से बढ़कर 9 प्रतिशत हो जाएगी। अधिकतर पेंशन व पारिवारिक पेंशनर इसी श्रेणी के हैं।
इसके अलावा ऐसे पेंशनर व पारिवारिक पेंशनर जिनका पुनरीक्षित वेतनमानों में पुनरीक्षण नहीं हुआ है और जनवरी 2018 से 274 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत पा रहे हैं, उन्हें जुलाई से 284 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत मिलेगी।
ऐसे पेंशनरों की संख्या बहुत कम है। सचिव वित्त अलकनंदा दयाल की ओर से इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी कर दिया गया है। महंगाई राहत के बढ़ी दर से भुगतान से चालू वित्त वर्ष में सरकार पर करीब 500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। राज्य कर्मचारियों को पहले ही महंगाई भत्ते के भुगतान का आदेश जारी हो चुका है।