लखनऊ। बख्शी का तालाब में बीते शुक्रवार को दो लोगों ने बाइक सवार युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। उसे मरा समझकर झाड़ियों में फेंक दिया और बाइक व पर्स चुराकर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजन ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।
दिनकरपुर झलौवा गांव निवासी सावित्री देवी के मुताबिक शुक्रवार को रात आठ बजे पति नटवर लाल ड्यूटी कर बाइक से लौट रहे थे। सुनसान जगह पर रोहित उर्फ भंते व सुनील ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़े तो आरोपियों ने मरा समझकर उन्हें झाड़ियों में फेंक दिया। फिर उनकी बाइक व पर्स चुराकर भाग निकले।
सावित्री के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे गांव के सोनू ने उन्हें पति के झाड़ियों में पड़े होने की सूचना दी। इस बीच रोहित का भाई मोहित पति की बाइक घर पर छोड़कर चला गया। नटवर अस्पताल में आठ दिन से बेहोश पड़े हैं। उनकी हालत काफी गंभीर है। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह के मुताबिक जांच में प्रथम दृष्टया नटवर के साथ सड़क हादसा होने की बात सामने आ रही है। दूसरा पक्ष भी चोटिल हुआ है। पीड़ित के होश में आने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गैर इरादतन हत्या की कोशिश और चोरी की धारा में केस दर्ज किया गया है।