नगराम। बिजली का बिल जमा करने निकले रामखेलावन (72) का शव दूसरे दिन इंदिरा नहर के बाहर संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। उनकी साइकिल कुछ दूरी पर पड़ी मिली। वह योजना भवन में योजना निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की।
तेलीबाग के सुभाष नगर निवासी रामखेलावन के बेटे आकाश वर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह दस बजे पिता साइकिल से बिजली का बिल जमा करने निकले थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला तो पीजीआई थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार सुबह नगराम पुलिस ने उन्हें पिता का शव सलेमपुर पुल के पास इंदिरा नहर किनारे पड़ा होने की सूचना दी। थानाध्यक्ष विवेक चौधरी के मुताबिक वृद्ध के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह नगराम क्या करने गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।