लखनऊ। हसनगंज थानाक्षेत्र के झूलेलाल पार्क के पास गोमती में रविवार शाम को एक युवक और युवती के शव उतराते मिले। पुलिस ने शवों को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों की हत्या कर नदी में शव फेंके जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस भी इसी बिंदु पर जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक हसनगंज यशकांत सिंह के मुताबिक, रविवार शाम को झूलेलाल पार्क के पास नदी में शव उतराते दिखे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शव बाहर निकलवाए। पुलिस के मुताबिक, रविवार देर शाम युवक की शिनाख्त अखिलेश यादव (28) निवासी भगमतखेड़ा बसरैला काकोरी के रूप में हुई तो वहीं युवती की पहचान मनीषा (25) निवासी गढ़ी मंजर मलिहाबाद के रूप में की गई। दोनों शनिवार शाम से अपने घरों से लापता थे।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह पता चल सकेगी। स्थानीय लोगों ने दोनों की हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका जाहिर की है। पुलिस भी इस बिंदु पर जांच कर रही है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, आशंका है कि नदी में कूदकर दोनों ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी।