गोमतीनगर इलाके में छेड़छाड़ से परेशान होकर खुदकुशी करने वाली कक्षा छह की छात्रा ने मां व बड़ी बहन को इसकी जानकारी दी थी। पर वे बदनामी के डर से चुप्पी साधे रहे। परिवारीजनों के मुताबिक, स्कूल चालक छात्रा को अक्सर परेशान करता था। स्कूल आते-जाते अक्सर उसका रास्ता रोकता था।
छात्रा का छोटा भाई उसके साथ ही स्कूल में पढ़ता है और उसने भी बताया कि स्कूल आते जाते समय अक्सर चालक बहन को रोकता था। उसके स्कूल के बाहर गाड़ी लगाकर खड़ा रहता था। छात्रा ने इसकी शिकायत बड़ी बहन व मां से की थी। दोनों ने पिता साथ में न रहने और बदनामी का हवाला देकर चुप करा दिया था।
प्रभारी निरीक्षक अमित दुबे के मुताबिक, छात्रा की मां ने देर शाम आरोपी स्कूल वैन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पड़ोस की महिला ने जब छात्रा को फंदे से लटके देखा तो उसके छोटे भाई को मां के स्कूल भेजा। मां का स्कूल घर से करीब आधा किमी दूर था। वहां पहुंचकर भाई ने मां को घटना की जानकारी दी। जानकारी होने पर मां स्कूल से भागती हुई घर पहुंची। उसे नीचे उतारा और लोहिया अस्पताल लेकर इलाज के लिए पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।