नारी शक्ति वंदन यात्रा कार्यक्रम में मौजूद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक। स्रोत ः आयोजक
लखनऊ। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश की बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। घर के कामकाज में पारंगत तो हैं ही। फाइटर प्लेन उड़ाने से लेकर देश के सर्वोच्च पद (राष्ट्रपति) पर भी विराजमान हैं। अंतरिक्ष में भी तिरंगा लहराया है। हमें राष्ट्र की नारी शक्ति पर गर्व है।
मौका था बृहस्पतिवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के आलमबाग स्थित कृष्णा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में आयोजित नारी शक्ति वंदन यात्रा का। उन्होंने कहा कि तीन दिन के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के लिए देश की सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल एवं दूरदर्शी सोच व नेतृत्व के चलते आज हमारे देश की बेटियां हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रही हैं। अब संसद में 33 फीसदी अतिरिक्त सीटों के साथ ही देश की नीति निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि आजादी के बाद से अभी तक हमारे नारी शक्ति को जो हक नहीं मिल पा रहा था, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें यह हक दिलाने का कार्य किया है। इस समय लोकसभा में 543 सीटें हैं, जो अब 33 प्रतिशत बढ़ कर 800 के ऊपर पहुंच जाएंगी। यह संदेश केवल हमारे देश में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में जाएगा कि हमारे राष्ट्र की नारी शक्ति किसी भी मामले में पीछे नहीं है। इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पार्षद गिरीश मिश्रा, पार्षद पीयूष दीवान, प्रद्योत शुक्ला, रविंद्र सिंह कोहली एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
नारी शक्ति वंदन यात्रा कार्यक्रम में मौजूद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक। स्रोत ः आयोजक