लखनऊ। अमरनाथ यात्रा से पहले लखनऊ से श्रीनगर की सीधी उड़ान शुरू होने की उम्मीद है। एयरलाइन की ओर से कराया जा रहा सर्वे जल्द पूरा हो जाएगा। पवित्र यात्रा तीन जुलाई से शुरू हो रही है। इसके लिए बुकिंग खोल दी गई है। श्रद्धालु अस्पतालों से मेडिकल बनवा रहे हैं।
लखनऊ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। अभी ट्रेनों की बुकिंग नहीं खुली है। इस कारण यात्री विमानों में टिकट बुक करवा रहे हैं। गत वर्ष मार्च में यात्रियों की मांग पर इंडिगो ने लखनऊ से श्रीनगर की सीधी उड़ान शुरू की थी। इसमें 180 यात्रियों के बैठने की सुविधा थी। सेवा शुरू होने के 20 दिन तक उड़ानें फुल रहीं। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद संख्या घटकर 35 रह गई, जिससे एयरलाइन को खर्च निकालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में इंडिगो ने अस्थायी तौर पर सेवा को बंद कर दिया। इससे लखनऊ से श्रीनगर जाने वालों की निर्भरता कनेक्टिंग उड़ानों पर बढ़ गई। हालांकि, इसमें समय अधिक लग रहा है। अब अमरनाथ यात्रा को देखते हुए एयरलाइन ने सर्वे तेज कर दिया है, जो जल्द पूरा हो जाएगा।
किफायती थी श्रीनगर की सीधी उड़ान
लखनऊ से श्रीनगर के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6945 सुबह 5:20 रवाना होकर सुबह 7:15 बजे श्रीनगर पहुंचती थी। वापसी में इंडिगो का विमान 6ई 6524 श्रीनगर से शाम 5:50 बजे उड़ान भरकर शाम 7:40 बजे लखनऊ पहुंचता था। इसका किराया छह से आठ हजार रुपये के करीब था। कनेक्टिंग उड़ानें 12 से 15 हजार रुपये में मिल रही हैं।