पॉलीटेक्निक की अंतिम वर्ष के छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाएं अब 25 सितंबर से होगी। पहले यह परीक्षा 18 सितंबर से प्रस्तावित थी। परीक्षा के प्रश्न पत्र ऑनलाइन भेजे जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया को लेकर शुक्रवार को मॉक टेस्ट हो गया। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा शिड्यूल तैयार कर लिया है।
साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल के तहत तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को प्रमोट किया जाएगा। इंजीनियरिंग से जुड़े अंतिम वर्ष के कुल 54,719 और फार्मेसी से जुड़े अंतिम वर्ष के 12,861 छात्र हैं। परीक्षा में कुल 67,580 छात्र शामिल होंगे।
एक केंद्र पर करीब 300 छात्र आवंटित किए जा सकते है, लेकिन असल में उससे ज्यादा छात्र संख्या हो रही है। इससे थोड़ी परेशानी आ रही है। प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्र प्रमोट होंगे, लेकिन इन छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। जिन छात्रों के फॉर्म जमा नहीं होंगे उन्हें प्रमोट नहीं किया जाएगा।