कोरोना से बचाव के उपायों के साथ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो गई हैं। इग्नू देहरादून क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत 16 परीक्षा केंद्रों पर 3621 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
स्नातक व स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कार्यक्रमों की परीक्षाएं 16 अक्तूबर तक चलेंगी। जो छात्र इन परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाएंगे, वे इसी दिसंबर 2020 की परीक्षाओं में शामिल हो सकते हैं।
उन्हें दोबारा शुल्क जमा नहीं करना होगा। छात्रों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान विवि की ओर से जारी किया गया पहचान पत्र जरूर लेकर आएं। परीक्षा केंद्र के भीतर सामाजिक दूरी, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े सभी नियम लागू रहेंगे।
बिना मास्क किसी को भी परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इग्नू की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि जुलाई सत्र में नवीन प्रवेश एवं पुन: पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है।