लखनऊ। एसआईआर के काम के बीच मंगलवार को अधिकांश समय सर्वर डाउन रहने से बीएलओ डेटा फीड नहीं कर सके। इसके चलते उन्हें काफी परेशानी हुई।
जिले में करीब 39.94 मतदाता हैं। इनमें से एसआईआर प्रक्रिया के तहत 27.79 लाख मतदाताओं के फाॅर्म का डाटा फीड किया जा चुका है। करीब 69.52 फीसदी डाटा बीएलओ अपने स्तर से सत्यापित भी कर चुके हैं। एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में शामिल करीब 1.28 लाख मतदाता ऐसे मिले हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। वहीं, करीब 4.39 लाख मतदाता अनुपस्थित पाए गए हैं, जबकि करीब 5.37 लाख मतदाता दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं। वहीं, करीब 30.42 फीसदी मतदाता ऐसे हैं, जिनका डाटा फीड नहीं हो सका है। यह हाल तब है जब एसआईआर की प्रक्रिया के लिए सिर्फ दो दिन बाकी है।
चिनहट विकासखंड में खुले लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के चुनाव कार्यालय में मंगलवार दोपहर पहुंचे 50 से अधिक बीएलओ जहां-तहां बैठकर एप से डाटा फीड करने में जुटे रहे। सभी ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे तक तो थोड़ा बहुत काम हुआ, लेकिन उसके बाद सर्वर डाउन हो गया। पूरे दिन यही स्थिति रही, जिससे काम बाधित हुआ।