राजधानी बृहस्पतिवार को पहली बार अंडर वाटर डांस की गवाह बनी। शीशे से दमकते साफ पानी के स्वीमिंग पूल में डांस धमाल लोगों ने पहली बार देखा।
डांस धमाल वो भी सात समंदर पार से आई फ्रांस की डांस कलाकार एमिली कलियन के साथ। सवा मीटर गहरे पानी में भी उतनी ही तेजी से डांस स्टेप्स, स्पिन, राउंड स्टेप और जंप के मूव देखने को लोग हैरत में खड़े के खड़े ही रहे।
टीवी शो ‘डेयर टू डांस’ के प्रमोशन के लिए होटल क्लार्क पहुंची शो की प्रतिभागी एमिली ने पार्टनर सनम जौहर के साथ स्वीमिंग पूल में डांस कर डांसिंग का जलवा बिखेरा। हालांकि डांस के दौरान पार्टनर सनम को एक मूव से नाक में मामूली चोट भी आई।
डांसिंग पार्टनर सनम के साथ आई एमिली ने एक सवाल के जवाब में कहा कि शो ने उनका फायर फोबिया दूर किया, लेकिन इसके चक्कर में वे जल भी चुकी हैं।
सनम ने बताया कि 5-6 मिनट की अंडर वाटर प्रस्तुति के लिए हफ्ते भर में 12 घंटे की अंडर वाटर रिहर्सल की। दो घंटे के एक शिड्यूल की रिहर्सल के लिए कम से कम दो आक्सीजन टैंक तक खत्म हो जाते हैं।
इतना सब होने पर भी 20 फुट पानी के नीचे डांस का अपना ही रोमांच है, क्योंकि यहां ग्रेविटी कम होने के चलते कोई भी मूवमेंट अपनाया जा सकता है।
केपटाउन शूट का अब तक अपना सबसे मुश्किल दौर बताने वाले सनम ने बताया वहां पूरे दिन में एक साथ मौसम के चार सीजन शरीर को बेहाल कर देते थे।
जब आमिर बोले वाउ...एक और कैटरीना
आमिर खान के साथ धूम-3 में कैटरीना की बॉडी डबल रहीं एमिली को आज भी मिस्टर परफेक्शनिस्ट का कमेंट याद है। कैटरीना की कद काठी से मिलती-जुलती एमिली फिल्म के ‘कमली...’ सांग के अलावा कैटरीना को कुछेक सर्कस स्टंट में भी सहयोग दे चुकी थी।
9 साल की उम्र से ही जिमनास्टिक की खिलाड़ी रही एमिली ने बताया कि कमली डांस में उनके मूव देख आमिर ने उनकी तारीफ की। ज्यादा कुछ तो याद नहीं लेकिन ‘वाउ ... एक और कैटरीना’ उन्हें याद रहा। एमिली ने बताया कि डांस के ऐसे मूवमेंट के लिए उनके शरीर की फिटनेस का आधार ही जिमनास्टिक है।