सरोजनीनगर। बंथरा के शिवपुरा अंबेडकरनगर इलाके में मंगलवार को बौद्ध प्रार्थना से पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के विवाद में दलितों के दो गुटों में मारपीट, हंगामा और पथराव हुआ। इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई और कुछ लोगों ने पंचायत प्रतिनिधि की दो एसयूवी तोड़ दी।
संघर्ष से तीन लोगों को चोट आई हैं। भारी पुलिस बल पहुंचने पर स्थिति काबू में आई। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उधर, डीसीपी साउथ अमित आनंद ने प्रकरण में लापरवाही बरतने पर दरोगा विपिन कुमार को निलंबित कर दिया है। मामले में अन्य पुलिसवालों की भूमिका की जांच के आदेश दिए हैं।
आंबेडकर जयंती पर आंबेडकर मूर्ति स्थल के पास कार्यक्रम होना था। इलाके के करन गौतम, विशाल गौतम और अमरेंद्र चौधरी इसकी व्यवस्था कर रहे थे। इस बीच सुबह दस बजे चार लग्जरी गाड़ियों से बंथरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रंजीत रावत समर्थकों के साथ पहुंचे। उस वक्त मूर्ति स्थल का गेट बंद था।
आरोप है कि ये लोग गेट खोलकर अंदर आए और माल्यार्पण करने की बात कहने लगे। अमरेंद्र चौधरी, विशाल गौतम और करन गौतम ने बुद्ध वंदना के बाद माल्यार्पण करने की बात कही तो चेयरमैन प्रतिनिधि और उनके समर्थक भड़क उठे। फिर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
आधे घंटे तक चला बवाल
कुछ ही देर में कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अभिषेक प्रियदर्शी पहुंचे और बिना बुद्ध वंदना के माल्यार्पण करता देख नाराज हो गए। इस पर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव शुरू हो गया। कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी। बवाल की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने किसी तरह मामला शांत कराया। आधे घंटे तक बवाल चला। पुलिस ने घटनास्थल से मिले .32 बोर के दो कारतूस कब्जे में लिए हैं। दोनों पक्षों से करन गौतम, विशाल गौतम और आकाश को चोट आई है। पुलिस ने सीएचसी सरोजनीनगर में इनका मेडिकल कराया। एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि माल्यार्पण को लेकर मारपीट हुई थी। घटना के कुछ समय बाद प्रस्तावित कार्यक्रम भी सकुशल पूरा हुआ। गांव में स्थिति सामान्य है।
सात को किया गिरफ्तार
कार्यक्रम के आयोजन में शामिल मनोज गौतम ने चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत रावत, उनके भाई संदीप रावत, साथी आशीष कुमार, अर्जुन, विकास पासी, प्रदीप रावत और अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर कराई है। चेयरमैन प्रतिनिधि के समर्थक बंथरा के लालखेड़ा गांव निवासी सरवन ने आयोजक अभिषेक प्रियदर्शी, करन गौतम, अमरेंद्र गौतम, शिवम, रोहित गौतम, विशाल और छह अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग का भी आरोप लगाया है। एसीपी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से सात लोगों को शांतिभंग के तहत गिरफ्तार किया गया है। इनमें करन गौतम, अमन गौतम, विपिन कुमार, पवन गौतम, आकाश रावत, अरविंद कुमार और राज शामिल हैं।