लखनऊ में खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर साइबर ठग ने छात्रा को झांसे में लिया। इसके बाद उससे 62 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़िता को समझ आया कि वह साइबर ठगी की शिकार हुई है, तो उसने थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आशियाना निवासी छात्रा को साइबर ठग ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर झांसे में लिया। इसके बाद निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 62 हजार रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता ने बृहस्पतिवार को आशियाना थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
विज्ञापन
छात्रा के मुताबिक बुधवार को शाम 5:28 बजे उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को सीबीआई अफसर बताते हुए उसका निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। यह सुन छात्रा घबरा गई। ठग ने ऐसा न करने के बदले एक लाख की मांग की। साथ ही यह बात अपने मां-पिता को बताने से मना किया। रकम भेजने के लिए आरोपी ने एक क्यूआर कोड भेजा। जाल में फंस चुकी छात्रा ने किसी तरह से दोस्तों से 62 हजार रुपये लिए और कोड पर भेज दिए।
नंबर बदल-बदल कर कॉल करता रहा आरोपी
छात्रा का आरोप है कि आरोपी उस पर बची रकम भी भेजने का दबाव बनाने लगा। उसने जब कॉल काट दी तो आरोपी नंबर बदल-बदल कर उसे कॉल करने लगा। थक हार कर छात्रा ने यह बात घरवालों को बताई तब उसे अपने साथ हुई ठगी की जानकारी हुई। छात्रा ने बताया कि जिस कोड पर उसने रकम भेजी थी वह किसी चंद्रभान सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड था। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के मुताबिक, जिन नंबरों से छात्रा को कॉल की गई उनके बारे में पता लगाया जा रहा है।