साइबर ठगों ने बुधवार को श्रावस्ती से भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय के खाते से दो बार में 45 हजार रुपये उड़ा दिए। उनकी तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साइबर सेल जांच कर रही है।
विधायक के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे उनके मोबाइल पर कॉल आई।
फोन करने वाले ने बताया कि वह विधान भवन स्थित एसबीआई का कर्मचारी है और काउंटर नंबर-3 से बोल रहा है। उसने विधायक के खाते का आधार नंबर लिंक न होने की बात कही। इसके बाद खाता बंद होने का झांसा देकर गोपनीय जानकारी हासिल की। साथ ही विधायक को बातों में उलझाकर दो बार ओटीपी हासिल कर खाते से पहले 20 और फिर 25 हजार रुपये निकाल लिए।
मोबाइल पर रकम निकलने का मैसेज आने पर विधायक ने बैंक में संपर्क किया तो पता चला कि वहां उस नाम का कोई कर्मचारी है ही नहीं। इसके बाद विधायक ने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। साथ ही साइबर सेल पहुंचकर जानकारी दी।