स्वाति और जाह्नवी के ग्रुप ने जब स्टेज पर भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी तो पूरा ऑडिटोरियम कदमों की थाप और घुंघरूओं की झंकार से गूंज उठा।
हॉल में बैठे दर्शक मंत्रमुग्ध होकर एक टक स्टेज की ओर देखने को मजबूर हो गए। इसके बाद बीनू और सुलोचना ने ‘ओ रे पिया...’ गीत पर अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांधा।
हर परफॉर्मेन्स के बाद कार्यक्रम का माहौल और रंगीन होता गया। मौका था जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के 19वें स्थापना दिवस का।
इसमें स्टूडेंट्स के साथ ही एक म्यूजिक व फाइन आर्ट इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स ने भी प्रस्तुति दी। इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स ने क्लासिकल से लेकर वेस्टर्न व फोक डांस की शानदार परफॉर्मेन्स दीं।
राजस्थानी गेटअप में जब भावी प्रबंधकों ने ‘रंगीलो म्हारो ढोलना...’ गीत पर डांस परफॉर्म किया तो दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के डायरेक्टर जनरल पंकज गुप्ता व मुख्य अतिथि बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने दीप प्रज्ज्वलन से किया।