भदोखर थाना क्षेत्र में फैजाबाद जिले की विवाहित महिला के साथ सामूहिक दुराचार का मामला प्रकाश में आया है। तीन दिन पहले महिला का मौसेरा जीजा उसे विद्यालय में चपरासी की नौकरी दिलाने के बहाने घर से बुलाकर मुंशीगंज स्थित एक कमरे में ले गया।
यहां पर बेहोश करके जीजा और उसके अन्य एक साथी ने महिला के साथ दुराचार किया। यही नहीं उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं। थाने में सुनवाई न होने पर शनिवार को पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची और शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
फैजाबाद के कुमारगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला (26) की यहां नसीराबाद थाना क्षेत्र के बिन्नावां गांव में रिश्तेदारी है। महिला का आरोप है कि बिन्नावां गांव निवासी उसका मौसेरा जीजा उसे एक प्राइवेट विद्यालय में चपरासी की नौकरी दिलाने की बात कहकर बीती 1 अप्रैल को रायबरेली लेकर आया था।
नशीली चाय पिलाकर किया बेहोश
यहां मुंशीगंज निवासी अपने किसी दोस्त के यहां ले गया। उसे चाय में नशीली दवा पिला दी, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी जीजा ने अपने साथी के साथ मिलकर उससे दुराचार किया। इतना ही नहीं दोनों ने उसकी आपत्तिजनक फोटो भी मोबाइल पर खींच ली।
महिला का आरोप है कि बाइक में बैठाकर उसे जगदीशपुर अमेठी ले जाया गया। होश आने पर उसे छोड़कर आरोपी भाग गए। पीड़िता का आरोप है कि उसने कुमारगंज थाने में घटना की तहरीर दी, लेकिन वहां की पुलिस ने यह कहते हुए रिपोर्ट लिखने से इंकार कर दिया कि घटनास्थल रायबरेली का है। यहां भदोखर थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।
उधर, एसओ एसएन सिंह यादव ने घटना की जानकारी से इंकार किया है। एसपी मोहित गुप्ता का कहना है कि वह थाना दिवस में हैं। इसलिए महिला के शिकायत की जानकारी उन्हें नहीं है। पुलिस कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया है तो इसकी वह जांच कराएंगे। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।