बीकेटी में सीतापुर रोड के रामपुर बेहड़ा तिराहे पर शुक्रवार दोपहर बेकाबू कार ने सड़क पार कर रही युवती को टक्कर मार दी।
इससे वह उछलकर बोनट पर आ गिरी और आधा किमी. तक घिसटती रही। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला।
परिवारीजनों ने उसे ट्रॉमा पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, शाहजहांपुर नई बस्ती रेतीपुर निवासी कमलेश कुमार अपनी बेटी आरती (20) व परिवार संग बीकेटी में बृहस्पतिवार को शादी समारोह में आया था।
शुक्रवार दोपहर को घर लौटते वक्त सड़क पार करने के दौरान आरती को बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। इससे वह हवा में उछलकर कार के बोनट पर आ गिरी।
इसके बावजूद चालक ने रफ्तार धीमी नहीं की। घायल आरती कार के बोनट में फंसकर पांच सौ मीटर दूर आगे आकर सड़क पर गिर गई।
कार चालक ने एक किमी. के बाद सरैंया-बाजार के पास सड़क किनारे कार रोकी और भाग गया। पुलिस ने युवती को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।