अलीगंज में शनिवार रात जमीन विवाद को लेकर इलाकाई व्यक्ति ने दलित महिला को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। इससे भड़के आरोपी ने महिला को पुलिस के सामने फिर से पीट दिया।
थाने में भी सुनवाई न होने पर महिला ने बलरामपुर अस्पताल पहुंच निजी खर्च पर मेडिकल कराया। इसके बावजूद रविवार को कई घंटे बैठाए रखने के बाद पुलिस ने मामूली धाराओं में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हसनगंज स्थित कुम्हारनटोला निवासी मीना रावत का अलीगंज में बंधे मार्ग पर जमीन को लेकर मोहम्मद सवलियां से विवाद चल रहा है। आरोप है कि सवलियां ने शनिवार रात बेटों के जमीन पर कब्जे का प्रयास किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को पीटना शुरू कर दिया। मदद के लिए गुहार लगाने के बावजूद कोई बचाने नहीं आया। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई। कुछ देर बाद पहुंचे सिपाहियों ने मामला शांत कराया।
बावजूद इसके आरोपी एक बार फिर से पुलिस के सामने ही उसे पीटने लगे। पीड़ित ने थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर से गुहार लगाई। सुनवाई न होती देख बलरामपुर अस्पताल पहुंच खुद के खर्च पर मेडिकल जांच कराई।
इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची। छह घंटे तक थाने में ही जमी रही।
आखिरकार पुलिस ने मामूली धाराओं में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कार्रवाई न होने पर आला अधिकारियों से शिकायत की बात कही है।