नेपाल से ही नहीं बल्कि बांग्लादेश तक से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी का माल वेस्टर्न यूपी के कई जिलों में पहुंच रहा है।
मादक पदार्थों की खपत एनसीआर परिक्षेत्र व दिल्ली तक पहुंचने की सूचना सामने आने के बाद एसटीएफ ने तस्करों के एनसीआर लिंक तलाशने शुरू कर दिए हैं।
एसटीएफ अधिकारियों की माने तो इस धंधे से जुड़े कई और लोगों चिह्नित कर चुकी है उन्हें जल्दी ही दबोचा जाना है। सोमवार को एसटीएफ ने खीरी में जिन चार तस्करों को तीन करोड़ रुपये कीमत की चरस के साथ दबोचा उन्होंने बताया था कि बरामद चरस को मुजफ्फरनगर के कैराना इलाके के अली नाम से व्यक्ति के पास ले जाया जा रहा था।
हालांकि, इस सूचना के मिलते ही एसटीएफ ने अली की तलाश में छापा मारा पर उसे पकड़ा नहीं जा सका था। एसटीएफ अब इलेक्ट्रानिक सर्विलांस से अली को तलाश में जुट गई है।
एसटीएफ के अफसरों की मानें तो अली से पूछताछ में यह जानकारी मिल सकती है कि बड़ी तादाद में आने वाला मादक पदार्थ कहां और कैसे खपाया जा रहा है।
एसटीएफ को अभी तक जो सूचना मिली है उसके लिहाज से तो नेपाल से आने वाले मादक पदार्थ की दिल्ली और मुंबई तक मांग है। एसटीएफ को वेस्ट यूपी के कई जिलों में मादक पदार्थों की खपत की सूचना मिली है। इस पर जल्दी ही सुनियोजित कार्रवाई होनी है।