उत्तर प्रदेश के जिले बिजनौर के धामपुर में गांव नसीर दिवाला में कच्ची शराब पकड़ने गए एक दरोगा और सिपाही की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई की। सिपाही के सिर में काफी चोटें आई है।
दरोगा की सूचना पर गांव में गई पुलिस एक आरोपी को थाने ले आई है।
अफजलगढ़ सीओ चंद्रपाल सिंह ने इस प्रकार की घटना के संज्ञान में होने से इंकार किया है। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मचा है।
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम शेरकोट थाने का दरोगा जयसिंह यादव और सिपाही योगेंद्र सिंह गांव में कच्ची शराब बेचने वालों को पकड़ने के लिए आए थे।
दरोगा ने शराब बरामद कर आरोपियों को थाने ले जाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। ग्रामीणों ने दरोगा और सिपाही को जमकर मारापीटा।
सिपाही योगेंद्र के सिर में चोट आई है। प्रधान अजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस और ग्रामीणों में मारपीट तो हुई है, पर चोट किसे आई है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
इतना जरूर है कि पुलिस की सूचना के बाद थाने की पुलिस गांव में आई थी।