घर के बाहर खड़ी गाड़ियां चुराने वाला गिरोह आधी रात के बाद लग्जरी कार
से निकलता है। पहले नंबर प्लेट खोलता है।
इसके बाद लॉक तोड़ने के साथ
डुप्लीकेट चाभी से गाड़ी स्टार्ट करके उड़ा ले जाता है। अलीगंज क्षेत्र में
रविवार रात कार सवार चोरों ने सिर्फ सात मिनट में एक टाटा सफारी उड़ा ली।
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में उनकी फुर्ती देख पुलिस दंग रह गई।
पुलिस
के मुताबिक, अलीगंज के सेक्टर-ई स्थित रवींद्र गार्डन में चोरों ने बीती
रात डीआरडीए के अधिकारी शैलेंद्र त्रिपाठी के घर के बाहर खड़ी उनकी पत्नी
सरोज त्रिपाठी की टाटा सफारी चुरा ली। उनका बेटा अभिषेक सुबह मार्निंग वॉक
के लिए निकला तो चोरी की जानकारी हुई।
अभिषेक
का कहना है कि गाड़ी ले जाने वाले के बारे में जानकारी के इरादे से उसने
सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग चेक की। रात 12:35 बजे एक इंडिगो कार उसके घर के
सामने की सड़क पर रुकी।
उसमें से सफेद शर्ट पहने युवक उतरा और सफारी की
नंबर प्लेट खोल अपनी कार में रखा। इसके बाद साथी को लेकर सफारी के पास
पहुंचा। उसने ड्राइविंग सीट का लॉक तोड़ा। टूटते ही अलार्म बजा व लाइटें
जलीं।
बदमाश ने परवाह न करते हुए कनेक्शन काटा। डुप्लीकेट चाभी से सफारी
स्टार्ट की और 12:42 बजे गाड़ी लेकर फरार हो गया। इसके साथ उसका साथी अपनी
कार में सवार हुआ। उसमें पहले से मौजूद साथियों समेत वह भी भाग निकला।