फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ विश्वविद्यालय कैंपस में गुंडई, दो छात्रों को दौड़ा-दौड़कर पीटा

Sun, 05 Feb 2017 12:30 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार को दिन भर मारपीट और उपद्रव का माहौल रहा। क्रिकेट खेल रहे बीए के दो स्टूडेंट्स की हॉस्टल के स्टूडेंट्स ने जमकर पिटाई की। दोनों पीड़ित छात्र सगे भाई हैं। प्रॉक्टर कार्यालय में पीड़ित छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई। इस पर आरोपी छात्रों का गुस्सा और भी भड़क गया।
विज्ञापन


शिकायत दर्ज कराकर गेट नंबर एक पर पहुंचे छात्रों को हॉस्टलर्स ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान गेट नंबर एक पर पुलिस की डायल-100 गाड़ी के साथ ही विश्वविद्यालय के गार्ड भी मौजूद थे।

उपद्रवी छात्र दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे, लेकिन ना तो पुलिस और ना ही विवि के गार्ड ने ही हस्तक्षेप करना जरूरी समझा। यहां तक कि घटना के एक घंटे बाद तक प्रॉक्टोरियल टीम भी मौके पर नहीं पहुंची।
विज्ञापन


घटना दोपहर 12:30 बजे की है। विवि के शिवाजी ग्राउंड में एमएससी मास कम्युनिकेशन का छात्र पीयूष क्लास के कुछ स्टूडेंट्स संग क्रिकेट खेल रहा था। पीयूष के अनुसार, इस दौरान वहां आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के छात्र संग्राम सिंह और शक्ति सिंह अपने साथियों संग पहुंच गए। मैच के बीच में हॉस्टल के स्टूडेंट्स बैट छीनने लगे। पीयूष ने आपत्ति दर्ज कराई तो उसकी जमकर पिटाई कर दी।

घात लगाकर बैठे स्टूडेंट्स ने दोबारा पीटा

छात्र की बहन ने 100 नंबर पर फोन करके पुलिस को इसकी सूचना दी। स्टूडेंट्स ने पहले पुलिस चौकी में और उसके बाद प्रॉक्टर कार्यालय में जाकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज कराने के दौरान पीयूष ने विवि के ही छात्र अपने भाई रोहित भट्ट को भी बुला लिया। इस दौरान दोनों ने प्रॉक्टर कार्यालय में हंगामा भी किया।

दोनों स्टूडेंट शिकायत दर्ज कराने के बाद गेट नंबर एक पर पहुंचे, जहां घात लगाए खड़े स्टूडेंट्स ने दोबारा उनको पीटना शुरू कर दिया। दोनों भाइयों ने और उनकी बहन ने रोते हुए मदद की गुहार लगाई लेकिन, किसी ने उनकी ना सुनी। जबकि थोड़ी ही दूर पर डायल-100 की गाड़ी खड़ी थी। गेट पर एलयू के साथ ही किराए पर लाए गार्ड भी मौजूद थे।

मारपीट में पीयूष का सिर फट गया जबकि रोहित भी बुरी तरह से जख्मी हो गया। उपद्रवी छात्रों के चले जाने के बाद पुलिस ने दोनों को बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित छात्रों ने शक्ति सिंह और संग्राम के साथ ही एमपीएड और बीपीएड के छात्रों के घटना में शामिल होने की बात कही है।
विज्ञापन

लाखों रुपये खर्च के बाद सिर्फ गेट खोलते हैं गार्ड

एलयू प्रशासन ने खुद के सिक्योरिटी गार्ड के अलावा निजी कंपनी के 50 से ज्यादा गार्ड लगाए गए हैं। इसके लिए हर महीने लाखों रुपये खर्च होते हैं।

इसके बावजूद अब तक की किसी भी घटना में इन गार्ड की कोई प्रभावी भूमिका नजर नहीं आती। ये गार्ड विवि के गेट पर तैनात होकर केवल आने-जाने वाली गाड़ियों के लिए गेट खोलने और बंद करने का काम करते हैं।

हबीबुल्लाह में प्रोवोस्ट को अंदर आने से रोका
हबीबुल्लाह हॉस्टल के स्टूडेंट्स ने छात्रावास में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए शनिवार को प्रोवोस्ट को छात्रावास के अंदर आने से रोक दिया। स्टूडेंट्स का आरोप है कि छात्रावास के मेस में खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है। पीने के पानी की भी किल्लत है।

कई बार शिकातय करने के बावजूद इस तरफ ध्यान नहीं दिया जाता है। प्रोवोस्ट डॉ. राजेश्वर सिंह यादव ने स्टूडेंट्स की समस्याएं दूर कराने की बात कही है। उनके अनुसार जो समस्याएं उनके स्तर से हल हो सकती हैं, कि जा चुकी है। बाकी के लिए निर्माण विभाग को पत्र लिखा गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें