राजाजीपुरम स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल के इंटरमीडिएट के दो छात्रों मयंक श्रीवास्तव (17) और पीयूष कांत वर्मा (18) की सोमवार को गोमती में डूबने से मौत हो गई।
ये छात्र किताबें खरीदने के नाम पर घर से निकले। इसके बाद अन्य दो साथियों के साथ गऊ घाट पिकनिक मनाने गए थे। वहां नहाने के दौरान ये हादसा हुआ।
पुलिस के मुताबिक मयंक, पीयूष साथ पढ़ने वाले सिद्धांत शुक्ला और विभांशु मिश्रा के साथ सोमवार दोपहर पिकनिक मनाने के इरादे से एक ही स्कूटी से गऊ घाट गए थे।
मयंक और पीयूष पीपे वाले पुल की रस्सी के सहारे नदी में नहाने उतर गए। पानी गहरा होने के चलते दोनों डूबने लगे। इस पर सिद्धार्थ और विभांशु ने उन्हें बचाने के लिए छलांग लगा दी लेकिन खुद भी डूबने लगे।
चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े। कुछ लोगों ने गोमती किनारे रखा बांस उठाकर डूब रहे लड़कों की तरफ बढ़ाया।
सिद्धार्थ और विभांशु की पकड़ में बांस आ गया और दोनों को लोगों ने बाहर निकाल लिया, जबकि मयंक और पीयूष डूब गए।
छात्रों के डूबने की सूचना पर ठाकुरगंज व मड़ियांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से दो घंटे मशक्कत के बाददोनों शव निकाल लिए गए।