पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ बदमाश।
- फोटो : amar ujala
अंबेडकरनगर जिले की कटका थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम एक मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग में एक सिपाही के घायल होने की खबर है जबकि एक बदमाश को भी पुलिस की गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, कटका थाना क्षेत्र के सेमरा मोड़ पर बुधवार देर शाम चेकिंग चल रही थी। इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर जा रहे तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास हुआ लेकिन वह भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो दुल्हूपुर मोड़ के निकट उनकी बाइक फिसल गई। बदमाशों ने इसके बाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसमें सिपाही कृष्णानंद के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें हंसवर थाना क्षेत्र के हरसंभार निवासी जीशान उर्फ अशरफ के पैर में गोली जा लगी। पुलिसकर्मियों ने इसके बाद उसे पकड़ लिया। भाग रहे दो अन्य बदमाश अमोला बुजुर्ग निवासी उजमान सिद्दीकी तथा अजफर को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
एसओ विजय तिवारी ने बताया कि बीते दिनों अमोला निवासी विनोद मिश्र से हुई नकदी और चेन लूट मामले में यह वांछित थे। इनके कब्जे से 26 हजार 700 रुपए के अलावा बाइक, 4 मोबाइल और 3 तमंचा बरामद हुआ है। घायल बदमाश और सिपाही सेमरा सीएचसी ले जाकर इलाज कराया गया।