गोमतीनगर के विनीतखंड निवासी एसएमएम इंफ्राटेक कंपनी के डायरेक्टर दिवाकर सिंह के मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर मात्र चालीस मिनट में दस लाख रुपये के नकदी-जेवर समेट ले गए।
वारदात के वक्त दिवाकर अपने ऑफिस में थे और उनकी पत्नी शालू मकान में ताला लगाकर बेटी नाइश को लेने के लिए पास ही स्थित स्कूल गई थीं।
करीब पौन घंटे बाद वह लौटी तो सामान बिखरा देखकर पति व पुलिस को सूचना दी। दिवाकर के नौकरों से पूछताछ की जा रही है।
दिवाकर ने बताया कि दोपहर एक बजे पत्नी मेन गेट पर चार ताले लगाकर विपुलखंड स्थित बेटी के स्कूल गई थीं। करीब दो बजे वह लौटीं, तब तक चोर अपना काम कर चुके थे।
उन्होंने बताया कि चोरों ने आलमारी और लॉकर तोड़कर सामान फैला दिया और डेढ़ लाख रुपये नकद और पत्नी का हीरे का एक सेट, सोने का एक सेट, सोने की चूड़ियां, चेन व अंगूठियों सहित अन्य जेवर समेट लिए।
उन्होंने बताया कि चोर उनके क्रेडिट कार्ड व पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी ले गए। गोमतीनगर पुलिस का मानना है कि वारदात में कोई ऐसा व्यक्ति शामिल है जो घर की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ था।
पुलिस दिवाकर के साथ उनके नौकरों व कर्मचारियों के घर पहुंची लेकिन वह सभी मौजूद मिले। दिवाकर ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।
शातिर चोर कई दिन से दिवाकर सिंह के घर की रैकी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मेनगेट पर चार ताले लगते हैं। चोरों ने ताले तोड़ने से पहले मेन गेट के सामने एक डोरी बांधकर कपड़ा डाल दिया।