पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में सेंध लगाकर चोरों ने पार्सल से भरी पूरी की पूरी बोगी ही साफ कर डाली। ट्रेन सोमवार सुबह चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची तो लाखों रुपये के कीमती सामान के चोरी हो जाने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया।
इसे लेकर चौक, अमीनाबाद, नाका और लाटूश रोड के दर्जनों व्यापारियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करने पर व्यापारियों का गुस्सा और भड़क गया।
जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। देर रात तक पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी रही, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका था।
लाटूश रोड स्थित शिव कार्गो सर्विस के मालिक प्रदीप सिंह ने बताया कि चौक, अमीनाबाद, नाका क्षेत्र के दर्जनों कपड़ा व्यापारियों का सामान मुंबई से आना था। इसके लिए मुंबई में शनिवार को 140 बॉक्स की बुकिंग कराई थी।
रविवार सुबह यह बॉक्स मुंबई में पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन के पार्सल वैन में लोड किए गए। सोमवार सुबह वह अपने सामान रिसीव करने पहुंचे। पता चला कि चोरों ने सेंध लगाकर पूरी बोगी में रखे लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया है। सभी बॉक्स खोल-खोल कर देखे गए थे। जिस बॉक्स में चोरों को कीमती सामान मिला, उसे उन्होंने निकाल लिया।