धनपतगंज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पूरे चेती दूबे में स्थित प्राथमिक विद्यालय मंगलवार को दूसरे दिन भी दबंग के डर से बंद रहा। शिक्षक संघ ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
पिछले 14 दिसंबर को गांव के ही एक दबंग ने प्राथमिक विद्यालय पूरे चेती दुबे में तैनात प्रधानाध्यापक अशर्फीलाल से रंगदारी मांगी थी और विरोध करने पर बच्चों के सामने ही पिटाई कर दी थी।
इतना ही नहीं तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी तो बीच-बचाव में आए सहायक अध्यापक वरुण सिंह को भी डराया-धमकाया था। प्रधानाध्यापक ने बल्दीराय थाने में तहरीर दी, जहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अशर्फीलाल व वरुण सिंह ने डर से दो दिन से विद्यालय आना बंद कर दिया है।