मलिहाबाद में बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार बदमाश बैंक से रुपये लेकर निकले किसान का बैग लूट ले गए।
बीच बाजार में हुई वारदात से किसान सकते में पड़े किसान के शोर मचाने पर लोगों के जुटने से पहले ही लुटेरे फरार हो चुके थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस कोई सुराग नहीं पा सकी। पीड़ित के अनुसार बैग में एक लाख रुपये के साथ ही पासबुक, चेकबुक, एफडी और गाड़ी के कागजात थे।
माल के कुसभरी गांव निवासी ओम प्रकाश त्रिपाठी ब्लॉक रोड स्थित एसबीआई की शाखा गए थे। दोपहर करीब 12 बजे रुपये निकालने के बाद बैग में रखकर बैंक से बाहर निकले और स्टैंड से बाइक उतारी।
इसी दौरान पास से गुजरी बाइक की पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर ओम से नोटों भरा बैग छीन लिया।
इसके साथ ही चालक ने बाइक दौड़ा दी। बैंक के सामने ही लूट से सकते में पड़े ओम के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटते इससे पहले ही बाइक आंखों से ओझल हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद ओम को थाने ले गई। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इंस्पेक्टर मलिहाबाद का कहना है कि वारदात के तरीके से लगता है कि बदमाश पहले से नजर रखे थे। बैंक से सीसीटीवी फुटेज मंगाई गई है।
ओम ने भी बताया कि लुटेरों में से एक को उसने बैंक में मंडराते देखा था। उसने चेकदार शर्ट और जींस पहन रखी थी।