फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन परिवारों पर टूटा डकैतों का कहर, बंधक बनाकर की लूटपाट

Fri, 02 Sep 2016 09:23 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
घटना के बाद पूछताछ करता पुलिसकर्मी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
इटौंजा के नेवादा व सूरजपुर गढ़ा गांव में बृहस्पतिवार रात लाठी-डंडे व असलहों से लैस आठ-नौ डकैतों ने तीन घंटे तक कहर बरपाया। इस दौरान पुलिस की जीप कई बार गुजरी लेकिन, बदमाश लूटपाट करते रहे। कच्छा-बनियान पहने बदमाशों ने तीन किसानों के घरों को निशाना बनाया।
विज्ञापन


दरवाजे तोड़कर घरों में घुसे बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर सबकी पिटाई की और दो लाख के जेवर व हजारों रुपये नकद व सामान समेट ले गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जिसमें दो की हालत नाजुक है। तीनों पीड़ितों ने एफआईआर दर्ज कराई है।

बदमाशों का पहला निशाना बना नेवादा गांव निवासी किसान अशोक कुमार यादव। अशोक ने बताया कि रात करीब 11 बजे असलहों व लाठी-डंडों से लैस आठ-नौ बदमाश कमरे में आ गए।
विज्ञापन


अशोक पर तमंचा तानकर बदमाशों ने पत्नी तारावती, बेटे हिमांशु, बेटी मधु, मुस्कान और चचेरे भाई दशरथ को बंधक बना लिया। विरोध पर सबकी पिटाई की और चाबियां छीनकर बक्से में रखे 40 हजार के जेवर, दो मोबाइल फोन व सात हजार नगद निकाल लिए। आधा घंटा घर खंगालने के बाद सबको कमरे में बंद करके भाग निकले।

यहां भी मारपीट के बाद की लूटपात

वारदात के बाद का एक दृश्य - फोटो : amar ujala
इसके बाद बदमाश गांव के ही किसान कन्हैयालाल के घर में घुसे और पत्नी मुन्नीदेवी, पोती रुचि व पोते दीपू को पीटकर बंधक बना लिया। यहां से बदमाश पांच हजार कैश, 35 हजार रुपये के जेवर और मोबाइल फोन ले उड़े।

रात करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने सूजरपुर गढ़ा गांव में रहने वाले किसान धीरज कुमार शुक्ला के मकान पर धावा बोल दिया। बकौल धीरज, मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर बदमाश घुस आए और नीचे कमरे में रखे बक्से तोड़कर 50 हजार नकद और एक लाख के जेवर सहित कपड़े व अन्य सामान समेट लिया। इस दौरान छत से परिवारीजनों ने बदमाशों को देख लिया और शोर मचाया।

आसपास के लोगों की नींद खुल गई। पुलिस मौके पर आई और कॉम्बिंग कराई लेकिन, बदमाशों का सुराग नहीं लगा। मारपीट में कन्हैयालाल व पत्नी मुन्नीदेवी को चोटें आई हैं। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बदमाश नेवादा गांव में किसान अशोक और कन्हैयालाल को परिवार सहित मकान में बंद करके भाग गए थे। देर रात परिवारीजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने उन्हें आजाद कराया।
विज्ञापन

इस तरह की जा रही है पकड़ने की कोशिश

पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों की भाषा अवधी व पूर्वांचल की मिश्रित बोली थी। एसओ ने बताया कि लूटे गए सभी मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं। कुछ संदिग्धों को पकड़ा गया है। आशंका है कि बदमाश सीतापुर या आसपास जनपद के हैं।

आबादी से दूर हैं किसानों के मकान
एसओ महेंद्र यादव ने बताया कि जिन किसानों के घर वारदात हुई है, वह आबादी से काफी दूर हैं। वहां आम लोगों की आवाजाही न के बराबर है।

रास्ते में मिले किसान को बंधक बना छीनी टॉर्च
नेवादा गांव से लूटपाट करके भाग रहे बदमाशों को रास्ते में किसान पूरन कुमार मिल गया। पूरन ने बताया कि वह अपने खेत की रखवाली कर रहा था तभी बदमाशों की आहट सुनाई दी। बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर पीटा और टॉर्च छीनकर भाग गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें