एल-टू अस्पताल रेलकोच फैक्टरी लालगंज में रविवार की रात एक महिला कर्मचारी की अस्मत लूटने का प्रयास किया गया। आरोपी जबरन महिला कर्मचारी के कमरे के अंदर घुस गया। सीसीटीवी कैमरे का वायर तक काट दिया। मामला उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया। सीओ लालगंज डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी व कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रकरण की जांच की। मामले में पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
रायबरेली शहर की रहने वाली युवती ने सोमवार को लालगंज कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह एल-टू अस्पताल रेलकोच फैक्टरी में आउट सोर्सिंग के तहत तैनात है। रात में डयूटी पर थी। कमरे में एक मरीज की डेथ रिपोर्ट तैयार कर रही थी। देर रात अस्पताल में डेली बेसिस पर तैनात जय प्रकाश पांडेय उसके कमरे के अंदर घुस गया। उसका मोबाइल बंद कर दिया। कमरा भी बंद कर दिया। उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर गालीगलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी।
सीसीटीवी कैमरे का वायर तक काट दिया। शोरगुल पर वार्ड ब्वाय पहुंचे और उसे छुड़ाया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस के साथ ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी जय प्रकाश के खिलाफ छेड़छाड़ और गालीगलौज करने का केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। घटना के समय महिला ने वहां पर तैनात पुलिस कर्मियों से भी कुछ नहीं बताया था अन्यथा तुरंत मामले में ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करा दी जाती।