महिलाओं और किशोरियों के साथ ही मासूम बच्चियों के साथ हो रहे दुराचार और छेड़छाड़ के मामलों के चलते राजधानी लगातार शर्मसार हो रही है।
निगोहां और आशियाना में सामूहिक दुराचार के मामले अभी तक आजाद घूम रहे हैं। वहीं, बुधवार को एक टैंपो से स्कूल जा रही मासूम के साथ चालक ने दुराचार का प्रयास किया।
विरोध करने पर धमकाने लगा। मासूम को रोता देख आरोपी उसे सड़क पर उतारकर फरार हो गया। राहगीरों ने सड़क पर मासूम को रोता देख घर पहुंचाया।
जानकारी पर परिवार के लोगों ने चालक को धर दबोचा और जमकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
हसनगंज क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की नौ वर्षीय बेटी कक्षा चार की छात्रा है। पिता ने बुधवार सुबह मासूम बेटे और बेटी को शिया कॉलेज के पास एक टैंपो में बैठाया और चालक से स्कूल के पास उतारने को कहा।
कुछ दूर बाद चालक टैंपो को किसी अन्य दिशा में मोड़ दिया। इसके बाद सुनसान स्थान पर टैंपो को रोककर मासूम से छेड़छाड़ करने लगा। भाई के विरोध करने पर धमकाने लगा।
इससे डरे मासूम भाई-बहन रोने लगे। खुद को फंसने की आशंका पर आरोपी दोनों को खदरा पुल के पास उतारकर फरार हो गया।
सड़क पर खड़े दो मासूम बच्चों को रोता देख राहगीरों ने कारण पूछा और उन्हें घर पहुंचाया।
मामले की जानकारी पर पिता ने परिचितों के साथ आरोपी की तलाश शुरू की। देर शाम मड़ियांव टैंपो स्टैंड के पास से खदरा के मदेयगंज निवासी कलीम को दबोच लिया। जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।