सीएम के हाथों बीकॉम छात्र को मिला लैपटॉप चोरों ने उड़ा दिया।
छात्र ने लैपटॉप चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए हसनगंज पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। हालांकि, इंस्पेक्टर ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।
बरौलिया निवासी मनव्वर के मकान में किराये पर रहने वाला रकीम अहमद इंसारी इस्लामियां डिग्री कालेज से बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। हाल ही में रकीम को सीएम की योजना के तहत लैपटॉप दिया गया था।
बुधवार को वह कमरा बंद कर कॉलेज चला गया। दोपहर बाद वह घर लौटा तो लैपटॉप गायब मिला। रकीम ने मकान मालिक को चोरी की जानकारी दी।
उसने मकान में किराये पर रहने वाले अन्य छात्रों से पूछताछ की लेकिन लैपटॉप का पता नहीं चल सका। शाम को रकीम शिकायत लेकर हसनगंज थाना पहुंचा।
रकीम का कहना है कि उसने पुलिस को तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इंस्पेक्टर वीर सिंह ने तहरीर मिलने की बात से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि लैपटॉप चोरी की जानकारी मिली है। छानबीन की जा रही है।
लॉक होता है लैपटॉप
सीएम की योजना के तहत बांटे गए एचपी के सभी लैपटॉप लॉक होते हैं। कंप्यूटर विशेषज्ञों के मुताबिक इन लैपटॉप का सिस्टम ऐसा है कि जो प्रोग्राम लोड हैं, उनके अलावा कोई सॉफ्टवेयर लोड नहीं किया जा सकता।
लैपटॉप से कुछ डिलीट भी नहीं किया जा सकता। लैपटॉप पर इंटरनेट चलते ही साइबर विशेषज्ञ इसके यूनीक कोड से लोकेशन पता लगाकर चोरी करने वाले को दबोच सकते हैं।