लखनऊ में गोसाईंगंज स्थित सरोज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र मो. आरिफ की मौत के विरोध में स्टूडेंट्स का प्रदर्शन बुधवार को भी हुआ। छात्रों ने विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बताते चलें कि मो.आरिफ सोमवार को अपने घर कन्नौज से लौट रहा था। चारबाग बस स्टेशन से वह आजमगढ़ बस डिपो पर सवार हुआ। उसके पास सामान काफी ज्यादा था।
जब बस गोसाईंगज होकर गुजरी तो उसने बस को कॉलेज गेट के सामने रोकने के लिए कहा। इसे लेकर बस कंडक्टर और उसमें विवाद हो गया।
नौबत मारपीट तक पहुंच गई।घायल आरिफ कॉलेज गेट पर तड़पता रहा। साथियों को खबर मिली तो उन्होंने उसे गैलेक्सी हॉस्पिटल पहुंचाया लेकिन यहां इलाज और एंबुलेंस तक नहीं मिली।
विज्ञापन
छात्रों ने हंगामा किया तो पुलिस ने अपनी गाड़ी से उसे सिविल अस्पताल पहुंचवाया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इससे नाराज छात्रों ने मंगलवार को सुबह हाई-वे जाम कर दिया। कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ के साथ ही कई घंटे हंगामा किया। छात्रों का प्रदर्शन बुधवार को भी चल रहा है।
छात्र की मौत के बाद हंगामा करते छात्र
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें शांत कराया गया। कन्नौज के तिरवा निवासी मो. रईस का बेटा आरिफ (21) पिछले दिनों छुट्टी लेकर घर गया था। वहां से वह सोमवार को लखनऊ के लिए चला।
आरिफ के दोस्तों ने बताया कि कॉलेज गेट के सामने बस के पहुंचने पर आरिफ ने चालक-परिचालक से बस रोकने की बात कही।
इसे लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। लंबी दूरी की बस पर गलत सवार होने की बात कहकर कंडक्टर उससे मारपीट करने लगा। कॉलेज गेट पर बस न रुकने पर आरिफ की कंडक्टर से हाथापाई हुई। बाद में चालक-कंडक्टर फरार हो गए।