राजधानी पुलिस के अफसर की नीयत और चरित्र एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं।
सवाल किसी और ने नहीं बल्कि एक महिला सिपाही ने उठाया है। मामला विभूतिखंड थाने का है।
एसओ पंकज सिंह पर एक महिला सिपाही ने अश्लीलता का आरोप लगाते हुए शनिवार को अपनी पीड़ा फेसबुक पर जाहिर की और लिखा कि एसओ ने उन्हें ऑफिस बुलाकर आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं।
पीड़िता ने लिखा है कि उसने डीआईजी और एसएसपी से शिकायत भी की लेकिन, कार्रवाई नहीं हुई। उधर, एसओ ने पूरा मामला फर्जी बताया है और कहा कि दो दिन पहले थाने की दोनों महिला सिपाहियों में झगड़ा हुआ था।
मेरी रिपोर्ट पर एक का ट्रांसफर चिनहट, दूसरी का हसनगंज थाने में कर दिया गया।
महिला सिपाही का फेसबुक पोस्ट
‘एसओ विभूतिखंड करप्ट हैं। विभूतिखंड थाने में एक लेडी कांस्टेबल से एसओ का अफेयर है। एक दिन एसओ ने मुझे ऑफिस बुलाया। वह मोबाइल पर आपत्तिजनक तस्वीरें देख रहा था।
इस पर मैंने नाराजगी जताई और घर चली गई। मैंने डीआईजी और एसएसपी से इसकी शिकायत की। दो जनवरी को जब मैं थाने गई तो एसओ ने साजिश रचकर दूसरी महिला कांस्टेबल से मेरा झगड़ा करा दिया।
इसकी रिपोर्ट बनाकर भेजी गई और मुझे और दूसरी महिला सिपाही को थाने से ट्रांसफर कर दिया गया। ... तो दोस्तों किसे ट्रांसफर होना चाहिए।
क्या आपको नहीं लगता कि किसी पुलिस स्टेशन में ऐसे थानेदार नहीं होने चाहिए। एसएसपी और डीआईजी इस मामले में कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? मैं इस्तीफा देने जा रही हूं। मैं एक स्वाभिमानी महिला हूं और यह कभी बर्दाश्त नहीं करूंगी।
सुल्तानपुर में भी लगे थे दागएसओ पंकज कुमार सिंह का दामन पहले भी दागदार रहा है। सुल्तानपुर के जगदीशपुर और कूड़ेभार थाना में तैनाती के दौरान भी उन पर महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता के आरोप लगे थे।