मुख्तार अंसारी के दोनों बेटे उमर व अब्बास अंसारी।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के डालीबाग में जालसाजी कर जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले में बयान दर्ज कराने के लिए विधायक मुख्तार अंसारी के दोनों बेटे सोमवार को हजरतगंज थाने पहुंचे। साढ़े तीन घंटे पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को जाने दिया। पुलिस के मुताबिक, अब्बास अंसारी व उमर अंसारी ने कोर्ट से अरेस्ट स्टे ले रखा है। अब उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि अवैध कब्जे का मुकदमा अगस्त 2020 में दर्ज किया गया था। जियामऊ के लेखपाल सुरजन लाल ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि डालीबाग की जिस जमीन पर मुख्तार के बेटों अब्बास व उमर के नाम से टावर बनाया गया था। वह जमीन मो. वसीम की थी।
वसीम के पाकिस्तान जाने के बाद संपत्ति निष्क्रांत के रूप में दर्ज हो गई थी। जमीन कब्जाने के लिए मुख्तार व उसके बेटों ने जाली दस्तावेज तैयार कर दो टॉवर का निर्माण कराया। 14 अगस्त को जांच के बाद जमीन निष्क्रांत घोषित कर दी गई। लेखपाल की तहरीर पर केस दर्ज हुआ था। जांच के दौरान अवैध कब्जा हटवाने के लिए दोनों टावर को जमींदोज कर दिया गया था।