सीबीआई इस प्रकरण में अब तक आधा दर्जन पुलिस कर्मियों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें उन्नाव में तैनात पूर्व सीओ कुंवर बहादुर सिंह भी शामिल हैं। वहीं, पीड़िता के पिता की पिटाई के समय उन्नाव में एसपी रहीं पुष्पांजलि देवी से भी लंबी पूछताछ की चुकी है। दो पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। माना जा रहा है कि नेहा पांडेय का बयान दर्ज करने के बाद सीबीआई विधायक के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी करेगी।
मालूम हो कि तीन अप्रैल को उन्नाव के माखी क्षेत्र में पीड़िता के पिता की बर्बर पिटाई की गई थी। इस मामले में विधायक के भाई अतुल सेंगर पर आरोप लगे थे लेकिन, पुलिस ने एफआईआर से उनका नाम निकालकर पीड़िता के पिता पर ही आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दिया था। बाद में पीड़िता के पिता की जेल में मौत हो गई थी, जिसके बाद आनन फानन सरकार ने पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। सीबीआई फिलहाल इस प्रकरण से संबंधित तीन मुकदमों की जांच कर रही है।