रायबरेली कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की रात को घर में घुस कर एक किशोरी के साथ युवक ने दुराचार कर डाला। यही नहीं आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंची पीड़ित की मां को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया।
हद तो तब हो गई जब तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इससे लोगों में नाराजगी है।
क्षेत्र की एक महिला का आरोप है कि वह देर शाम किसी काम से घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव का युवक घर में घुस गया और उसकी 14 वर्षीय बेटी से दुराचार किया।
बेटी की चीख पुकार पर वह पहुंची तो आरोपी धमकी देकर भाग गया। युवक के इस करतूत की शिकायत लेकर महिला आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी ने परिवारीजनों के साथ मिलकर महिला को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
पीड़ित परिवारीजनों के जख्मों को सहलाने के बजाय पुलिस ने और गहरा कर दिया। प्रार्थनापत्र देने के बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखी।
महिला का कहना है कि इसकी शिकायत एसपी से की जाएगी। कोतवाल रणजीत सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। जांच के बाद केस दर्ज होगा।