गोमतीनगर के विवेकखंड में किराए के मकान में रह रही विवाहिता
की मंगलवार रात बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हत्यारे ने चाकू से पेट पर
ताबड़तोड़ वार करने के बाद उसका गला रेत दिया।
कमरे की फर्श, दीवारों,
बिस्तर और फर्नीचर पर फैला खून देखकर आशंका जताई जा रही है कि मौत से पहले
उसने हत्यारे से काफी संघर्ष किया। मौका-ए-वारदात के हालात देख पुलिस
वारदात में लूट से इन्कार कर रही है।
शक के आधार पर पति को हिरासत में लेकर
पूछताछ के साथ ही आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
निकलवाई जा रही है।
नीलकंठ चौराहा के पास
स्थित दो मंजिला मकान संख्या 2/94 के फर्स्ट फ्लोर पर रहने वाले जेएमआर
मूवी लिंक टेलीकॉम कंपनी में मैनेजर प्रभात पत्नी रितिका (29) के साथ
शॉपिंग करने गए थे।
बकौल प्रभात, रात करीब आठ बजे रितिका को घर छोड़कर वह
बाइक से हजरतगंज चले गए। करीब पौने दस बजे लौटा तो रितिका की क्षत-विक्षत
लाश बेड और कुर्सी के बीच जमीन पर पड़ी थी।
पालतू कुत्ता कमरे में बंद
मिला। वारदात की जानकारी पर एसएसपी जे. रविंदर गौड़, एएसपी ट्रांस गोमती
हबीबुल हसन सहित कई थानों की फोर्स और डॉग स्क्वॉयड व फिंगर प्रिंट
एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे।
एसएसपी का कहना है कि वारदात में कोई करीबी या
परिचित ही शामिल है। कोई ऐसा व्यक्ति जो मकान का पूरा नक्शा जानता था।
प्रभात का कुत्ता भी उसे पहचानता था इसलिए नहीं भौंका। पुलिस को घर पर शराब
की बोतलें भी मिली हैं।
एसएसपी ने बताया कि आसपास के मकानों में लगे
सीसीटीवी कैमरों से रितिका के घर आने वालों का पता चल जाएगा।