यूपी की राजधानी लखनऊ में दो घरों की डकैती की गुत्थी सुलझी नहीं थी कि बदमाशों ने रविवार को गुडंबा इलाके में दो बहनों की गला व मुंह दबाकर हत्या व लूटपाट से सनसनी फैला दी।
पुलिस का दावा है कि नगदी व गहने सुरक्षित मिले हैं, कातिलों ने भ्रमित करने के इरादे से सेफ व बक्से खोलकर सामान बिखेरा था। एसएसपी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वाएड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट बुलाकर छानबीन शुरू की। करीबी पर संदेह जताते हुए संपत्ति विवाद को लेकर तफ्तीश की जा रही है।
इंस्पेक्टर गुडंबा अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि सिटी क्लब के पीछे बजरंग विहार कॉलोनी में रहने वाली संदल श्रीवास्तव (45) व उनकी बहन जुग्गन उर्फ केसर श्रीवास्तव (65) की उनके कमरों में बेड पर हत्या कर दी गई।
ऐसा लग रहा था कि कातिल ने तकिया से मुंह दबाने के साथ गला दबाकर वारदात अंजाम दी। दोनों बहनों के कमरे में सेफ व बक्से इत्मीनान से खंगालकर सामान बिखेरा, जबकि दोनों बहनों के गहने व नगदी सुरक्षित मिली है। करीबी द्वारा हत्या की आशंका के चलते संपत्ति विवाद व अन्य बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।