कृष्णानगर क्षेत्र में वीआईपी रोड के किनारे पक्की नहर में शनिवार को मिला शव आशियाना के चावल व्यवसायी विशाल की पत्नी प्रिया का था।
ससुराल वालों ने प्रिया के किसी के साथ भाग जाने की कहानी सुनाते हुए शव पहचानने से इन्कार कर दिया, लेकिन औरैया से आए पिता ने शिनाख्त की और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
एसओ आशियाना सुधीर कुमार ने बताया कि कृष्णानगर क्षेत्र में नहर से युवती का शव मिलने की सूचना के साथ उसका हुलिया नोट कराया गया था।
इस बीच औरैया के राजकुमार वर्मा ने थाने पहुंचकर जानकारी दी कि वह दीपावली पर बेटी प्रिया को विदा कराने बंगला बाजार स्थित उसकी ससुराल आया था।
ससुर देवेंद्र ने कहा कि प्रिया दो दिन पहले किसी के साथ भाग गई है। इस पर आशियाना पुलिस ने राजकुमार को शव की शिनाख्त के लिए मर्चरी भेजा।
दूसरी तरफ प्रिया की ससुराल वाले भी आशियाना थाने पहुंचे। इसके बाद कृष्णानगर कोतवाली जाकर फोटो व मर्चरी में रखा युवती का शव देखा लेकिन पहचानने से इन्कार कर दिया।
वहीं, राजकुमार ने मर्चरी में रखे शव को अपनी बेटी से मिलता-जुलता बताया। साथ ही कहा कि दो दिन में चेहरा बिगड़ जाने की वजह से पहचानने में दिक्कत आ रही है।
इस पर पुलिस टीम उसे कृष्णानगर कोतवाली ले गई। फोटो व गहने देखते ही राजकुमार ने शव की शिनाख्त प्रिया के रूप में करने के साथ ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
औरैया निवासी राजकुमार ने बताया कि उसने 23 जनवरी को बड़ी बेटी प्रिया की शादी बंगला बाजार निवासी देवेंद्र वर्मा के बेटे विशाल वर्मा से की थी।
चावल व्यवसायी विशाल ने शादी के कुछ दिनों बाद से ही दहेज में कार की मांग को लेकर प्रिया को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। राजकुमार ने बताया कि दो हफ्ते पहले ही प्रिया ससुराल आई थी।
तीन दिन पहले तक उसने अपनी मां धनवंती से बात की। वह दिवाली के मौके पर बेटी को विदा कराने आया था। राजकुमार ने विशाल व उसके पिता देवेंद्र के साथ परिवार के अन्य लोगों पर प्रिया की हत्या करके शव नहर में फेंकने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
एसओ आशियाना का कहना है कि यदि प्रिया तीन दिन से लापता थी तो ससुराल वालों को उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस व उसके मायके वालों को देनी चाहिए थी।
शव, गहने व कपड़ों को न पहचानने से वह संदेह के घेरे में थे। प्रिया के पिता द्वारा शिनाख्त के साथ ही गहन पड़ताल शुरू कर दी गई है, जल्द ही मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।