नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा की दरिंदों ने दुराचार के बाद दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या कर दी। यही नहीं दरिंदों ने छात्रा के मुंह में मिट्टी भर दी।
छात्रा शुक्रवार शाम चार बजे घर से निकली थी। गांव के पास सरेशाम इस घटना से लोगों में आक्रोश है। सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
कोतवाल शिवपति सिंह ने बताया कि देखने से लगता है कि उसके साथ दुराचार कर हत्या की गई है लेकिन शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही पूरा मामला सामने आएगा। देर शाम तक परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि दुराचार की आशंका है, लेकिन जांच से पहले कह पाना संभव नहीं है। छात्रा के बाबा का कहना है कि उन्होंने शाम को बच्ची से चाय बनाने के लिए कहा तो उसने कहा कि अभी आकर चाय बनाते हैं। इसके बाद वह वापस नहीं आई।