चौक से लापता सर्राफ मुस्तफा मंडल (45) रहस्यमय हालत में लौट आया।
सर्राफ
ने टैक्सी में जहरखुरानी का शिकार होने और होश में आने पर खुद के चेन्नई
में पाए जाने की जानकारी दी है। हालांकि, सर्राफ की यह कहानी किसी के गले
से नहीं उतर रही है।
चौक के दर्जी की बगिया
निवासी मुस्तफा के कुछ दिन पहले चेन्नई में देखे जाने की जानकारी मिली थी।
बीते सप्ताह मुस्तफा का भाई ललतू चेन्नई पहुंचा और उसे ढूंढकर वापस ले आया।
सर्राफ के बरामद होने की जानकारी पाकर दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उससे
पूछताछ की। मुस्तफा का कहना है कि वह करोलबाग मार्केट गया था। वहां से
बच्चों के लिए खिलौने व कपड़े खरीदे।
इसके बाद एक टैक्सी में बैठकर वह
रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान टैक्सी में बैठे दूसरे यात्रियों ने उसे
कुछ खिला दिया। होश में आने पर मुस्तफा ने खुद को चेन्नई में पाया।
बकौल
मुस्तफा कुछ दिन तक तो वह बदहवास हालत में इधर-उधर घूमता रहा। इसके बाद
किसी तरह लोगों को अपने घर-परिवार के बारे में जानकारी दी।
मुस्तफा ने
दिल्ली पुलिस को बताया कि जहर देने के बाद बदमाश उसका सामान व बच्चों के
खिलौने व कपड़े वाला पैकेट लेकर भाग गए। मालूम हो कि सर्राफ 17 जनवरी को एक
परिचित की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली गया था।
18 जनवरी की रात
करीब 11 बजे मुस्तफा ने पत्नी साबिला को फोन कर दूसरे दिन सुबह लखनऊ
पहुंचने की बात कही। हालांकि, इसके बाद वह गायब हो गया। उसके तीनों मोबाइल
फोन भी बंद मिले।
सबीला ने साउथ वेस्ट दिल्ली के बिंदापुर थाना में
गुमशुदगी दर्ज कराई थी। ललतू के मुताबिक अभी मुस्तफा की मानसिक स्थिति ठीक
नहीं है। इसलिए वह स्पष्ट रूप से कुछ भी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। ललतू
ने कहा कि तबियत ठीक होने पर पूछताछ की जाएगी।