बाराबंकी में दरियाबाद थाना क्षेत्र के बक्सूपुर गांव निवासी रंजीत लोध(23) पुत्र रामतीरथ रविवार की शाम अपने घर से निकला था। इसके बाद गांव के संतराम की किराना दुकान पर रंजीत किसी से मोबाइल पर बात करने करने के बाद कहीं चला गया। देर रात तक जब रंजीत घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं लग सका।
सोमवार की शाम करीब चार बजे जटहा गांव के पास माइनर किनारे खेत में रंजीत का क्षत विक्षत शव पड़ा देखा गया। घर से लापता हुए युवक की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। यही नहीं आरोपियों ने युवक की दोनों आंखें निकाल लीं व उसके शव को जलाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने मृतक केे परिवारीजनों व पुलिस को जानकारी दी। वारदात की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। मृतक के परिवारीजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।