कानपुर के बर्रा में किशोरी ने अपने केडीए कर्मी पिता पर रेप का आरोप लगाया है। किशोरी का कहना है कि पिता उसके साथ मारपीट और शारीरिक शोषण करते हैं। उसे घर से कहीं आने जाने नहीं देते। किसी तरह ब्रह्मकुमारी संस्था की महिलाओं के साथ वह थाने पहुंची।
वहीं पुलिस का कहना है कि किशोरी की तहरीर पर उसके पिता को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मारपीट, छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।
किशोरी ने बताया केडीए कर्मी पिता ने उसकी मां को तलाक देने के बाद दूसरी शादी की थी। लेकिन कुछ दिन बाद वह भी छोड़कर चली गईं। 2012 में पहली बार पिता ने उसके साथ रेप किया।
इसके बाद भी कई मर्तबा गंदी हरकत की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करते थे और घर से निकलने नहीं देते थे। पिछले साल भी पिता के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, पुलिस जांच करने भी पहुंची, लेकिन पिता ने मामला रफा दफा करा दिया।
इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपी पिता रेप की बात से इनकार कर रहा है। लिहाजा नाबालिग के साथ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा है, रेप की पुष्टि होने पर धारा बढ़ा दी जाएगी।