मलिहाबाद क्षेत्र में गुरूवार को पड़ोस के गांव में दोस्त संग मौज-मस्ती करने आया युवक नहाते वक्त नाले में डूब गया।
दोस्त ने मदद के लिए शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह गहरे पानी में डूबता चला गया। ग्रामीणों ने आनन फानन में जाल डालकर उसे ढूंढ़ने की कोशिश की लेकिन उसका सुराग नहीं मिला।
पुलिस का कहना है कि युवक शराब पीने का आदी था। नशे में उसने नाले में छलांग लगा दी। उसकी तलाश की जा रही है।
मलिहाबाद क्षेत्र के गढ़ी संजर खां निवासी पेशे से नाई रामनाथ के दो बेटे देवेंद्र (24) व ओमकार हैं। दोनों अविवाहित हैं। उसकी पत्नी का स्वर्गवास हो चुका है।
उसके बड़े बेटे देवेंद्र का मलिहाबाद में नाई की दुकान है। बृहस्पतिवार को दोपहर में देवेंद्र अपने दोस्त विक्की के साथ पड़ोस के गांव भौसा मौज-मस्ती करने गया था।
विक्की के मुताबिक, गांव पहुंचने के बाद दोनों ने साथ-साथ खाना खाया। इसके बाद दोनों गांव से निकलने वाले बेहता नाले में नहाने लगे।
विक्की ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तैरना न आने की वजह से वह उसे बाहर नहीं निकाल सका। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े व पुलिस को इसकी सूचना दी।
आननफानन में पुलिस ने ग्रामीणों से जाल मंगवाकर नाले में जाल डलवाया लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका। युवक देवेंद्र के नदी में डूबने की सूचना से उसके घर में कोहराम मच गया।