लखनऊ विकास प्राधिकरण में तैनात अवर अभियंता (जेई) को कक्षा-11 की छात्रा को मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजना महंगा पड़ गया। परिवारीजनों ने लड़की के बहाने शनिवार को उसे घर पर बुलाया और दबोच लिया गया। जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
लड़की के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी जेई को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र का है। मिल एरिया थाना क्षेत्र के प्रगतिपुरम कॉलोनी निवासी पीसी श्रीवास्तव लखनऊ विकास प्राधिकरण में जेई के पद पर तैनात हैं। इसी क्षेत्र के एक कॉलोनी की रहने वाली एक युवती शहर के नामी स्कूल में कक्षा-11 की छात्रा है।
बताते हैं कि जेई की बेटी भी इसी स्कूल में पढ़ती और वह पीड़ित छात्रा की सहेली भी है। बेटी के जरिए जेई को उसका मोबाइल नंबर मिल गया। आरोप है कि करीब डेढ़ माह से जेई छात्रा के मोबाइल पर अश्लील मैसेज कर रहा था। इससे छात्रा तंग आ गई थी। उसने यह बात अपने परिवारीजनों को बताई गई।
इस पर परिवारीजनों ने मैसेज भेजने वाले नंबर को ट्रेस करना शुरू कर दिया। शनिवार को परिवारीजनों ने लड़की से फोन कराकर जेई को मिलने की बात कहकर घर बुला लिया। जैसे ही जेई वहां पर पहुंचा लोगों ने उसे दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई की। जेई जान बचाकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे लोग पीटते ही रहे।
सूचना पर एसओ जेपी यादव भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जेई को छुड़ाया और थाने ले आई। थानेदार का कहना है कि पिता की ओर से जेई पीसी श्रीवास्तव के खिलाफ बेटी को अश्लील मैसेज भेजने की तहरीर दी गई है। एफआईआर लिखी जा रही है। उसे जेल भेजा जाएगा। आरोपी जेई एलडीए लखनऊ में तैनात है।
पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने बताया कि छात्रा को अश्लील भेजे जाने के मामले की जांच कराई जा रही है। आरोपी जेई को हिरासत में लिया गया है। मामले की रिपोर्ट लिखाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।