पारा थाने के गांव सरौसा में नाली बनाने के झगड़े में एक दबंग ने साथियों की मदद से चचेरे भाई के घर धावा बोला।
भाई के साथ उसके परिवारीजनों पर जमकर लाठी भांजी। चचेरे भाई को पीटकर मार डाला और उसकी पत्नी,बेटी और बहू समेत चार लोगों को लहूलुहान करके हमलावर भाग निकले।
गांव सरौसा में नाली बनाने को लेकर बाबूलाल (70) का चचेरे भाई मुन्नीलाल रावत से मुकदमा चल रहा है। कोर्ट का फैसला आने से पहले मुन्नीलाल ने नाली बनाने की कोशिश की। बाबूलाल के विरोध पर झगड़ा हुआ।
मुन्नीलाल ने बेटे अनूप,राजेंद्र,सत्येंद्र व दामाद और कुछ अन्य लोगों की मदद से लाठी,हाकी व बेलचा से लैस होकर बाबूलाल के घर धावा बोल दिया। बाबूलाल की पत्नी द्रोपदी बीच-बचाव करने दौड़ी तो उसे भी लहूलुहान कर डाला।
माता-पिता की चीखपुकार पर विनोद,उसकी पत्नी विमला और बहन नेहा मौके पर पहुंची। दबंगों ने उन पर भी हमला बोल दिया। सभी को गंभीर रूप से घायल करके हमलावर भाग निकले। इस बीच आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
वहां बाबूलाल ने आज तड़के दम तोड़ दिया। बाबूलाल के बड़े बेटे रमेश कुमार ने मुन्नीलाल,अनूप,राजेंद्र,सत्येंद्र और दामाद के खिलाफ बलवा,कातिलाना हमले आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई। बाबूलाल की मौत के बाद हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू की गई है।