गोमतीनगर के वीवीआईपी इलाके से बीती रात कार सवार बदमाशों ने एक किशोरी का अपहरण कर लिया। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद वे भाग निकले। परिवारवालों की सूचना पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बहरहाल बुधवार देर रात तक बदमाशों या किशोरी के बारे में कोई भी सुराग उनके हाथ नहीं लग सका। गोमतीनगर के विपुलखंड निवासी ने बताया कि उसकी चचेरी बहन मंगलवार देर शाम घर की महिलाओं के साथ बाहर निकली थी।
ये सब तीन किलोमीटर का चक्कर लगाने के बाद सहारा पुल के नीचे से होते हुए घर की तरफ लौट रही थीं। पुल के नीचे काले रंग की लग्जरी कार उनके आगे आकर रुकी।
इसके बाद कार से तीन-चार बदमाश उतरे और उन्होंने किशोरी को खींचकर अपनी कार में बैठा लिया। विरोध करने पर उसकी मां व भाभी को धक्का देकर गिरा दिया और फिर भाग निकले।
वारदात के बाद दोनों महिलाएं मौके पर ही काफी देर तक चीखती-चिल्लाती रहीं। इसके बाद घर पहुंचकर परिवार वालों की घटना की जानकारी दी। सूचना पर गोमतीनगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।