गाजियाबाद के मोदीनगर-मुरादनगर इलाके में नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर मंगलवार को हुए महिला से गैंगरेप ने पुलिस चौकसी की भी पोल खोल दी है। ढाई बजे कार में सवार हुई महिला शाम छह बजे गंगनहर के पास बदहवास हालत में पुलिस को मिली थी। बकौल पीड़िता आरोपियों ने उसे कार में सवार होते ही नशा दे दिया था और वह बेहोश हो गई थी।
इसका मतलब पीड़िता 30 मिनट में पूरे होने वाले सफर में आरोपियों के साथ करीब साढ़े चार घंटे कार में रही थी और गाजियाबाद से मुरादनगर आते वक्त कार मुरादनगर थाने के अलावा पांच पुलिस चौकियों के सामने गुजरी, लेकिन पुलिस को कार में चल रहे घिनौने कृत्य की भनक तक नहीं लग सकी। उधर, वारदात के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर है। मेडिकल के बाद पीड़िता की स्लाइड जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजी जाएगी।
बता दें कि मंगलवार को नौकरी दिलाने का झांसा देकर कार सवार तीन व्यक्तियों ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर महिला के साथ चलती कार में गैंगरेप किया और बेहोशी हालत में उसे गंगनहर मार्ग पर फेंककर फरार हो गए थे।
महिला सड़क पर बदहवास हालत में मिली
महिला मूलरूप से अमरोहा के डिडौली गांव की निवासी है। गंगनहर मार्ग पर जहां महिला बदहवास हालत में मिली थी उस मार्ग पर काफी आवागमन है। पीड़िता कहती है कि उसे ढाई बजे कार में बैठाया गया था और तभी उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी थी। जिससे केवल उसने कार को मुरादनगर की ओर जाते देखा था और बेहोश हो गई थी।
गंगनहर मार्ग और पीड़िता के बयानों के आधार पर संभावना है कि भट्टा नंबर पांच से गंगनहर मार्ग तक चलती कार में आरोपियों ने महिला से रेप किया था। हालांकि भट्टा नंबर पांच से गंगनहर मार्ग तक का सफर मात्र तीस मिनट का है, जबकि महिला कार में साढ़े चार घंटे रही है।
आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
एसओ, मुरादनगर आरपी शर्मा ने बताया कि मेडिकल के बाद महिला की स्लाइड बनाकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इन चौकियों के सामने गुजरी कार
भट्टा नंबर पांच से मुरादनगर की ओर गाजियाबाद की सिहानी गेट, मुरादनगर थाने की वर्धमानपुरम, आईटीएस, मुरादनगर बस स्टैंड, गंगनहर पुलिस चौकी और मुरादनगर थाना पड़ता है।